कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, उन्हें ब्लड प्रेशर संबंधित समस्याएं हुईं, जिसके बाद उन्हें रूटीन मेडिकल चेकअप के लिए अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और उनकी हालत पूरी तरह से स्थिर बताई जा रही है।
घबराने की जरूरत नहीं, यह एक नियमित जांच थी
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने बताया कि सोनिया गांधी की तबीयत में कोई गंभीर समस्या नहीं है। यह एक पूर्व निर्धारित नियमित जांच थी और इसमें घबराने जैसी कोई बात नहीं है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया एहतियातन की जा रही है और सोनिया गांधी की सेहत में जल्द सुधार की उम्मीद है।
हाल ही में प्रियंका गांधी के फार्महाउस पर ठहरी थीं
सूत्रों के अनुसार, सोनिया गांधी 5 दिन पहले प्रियंका गांधी वाड्रा के शिमला स्थित फार्महाउस पर पहुंची थीं। शिमला में विश्राम के दौरान ही उनकी तबीयत में गिरावट महसूस की गई, जिसके चलते उन्हें IGMC में भर्ती कराया गया। सोनिया गांधी की उम्र 78 वर्ष है और उन्हें समय-समय पर मेडिकल चेकअप की आवश्यकता रहती है।
राहुल और प्रियंका के शिमला पहुंचने की संभावना
गांधी परिवार के करीबी सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के शिमला पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि सोनिया गांधी जल्द ही अस्पताल से छुट्टी पा सकती हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सोनिया गांधी की भर्ती के चलते IGMC अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मीडिया और आम नागरिकों की आवाजाही पर नियंत्रण रखा गया है ताकि सोनिया गांधी को पूरी तरह से विश्राम मिल सके।